Acn18. Com.आमापानी और सिद्ध बाबा आश्रम के समीपवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में बाघ की संभावित मौजूदगी से भारी दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने आश्रम के आसपास बाघ देखे जाने का दावा किया है। वहीं, इलाके में मवेशियों पर हमले और जमीन पर संदिग्ध फुटप्रिंट्स मिलने के बाद ग्रामीणों का भय और गहरा गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) की वन विभाग टीम तुरंत हरकत में आ गई है। वन अमले द्वारा क्षेत्र में जगह-जगह कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं ताकि बाघ की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि और उसकी मूवमेंट पर नजर रखी जा सके।
वन विभाग की अपील:
स्थिति को नियंत्रित रखने और जान-माल की सुरक्षा के लिए वन विभाग ने आसपास के सभी गांवों में मुनादी कराकर अलर्ट जारी किया है। ग्रामीणों को जंगलों की ओर अकेले न जाने, शाम ढलते ही घरों में रहने और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर बांधने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीम लगातार इलाके में गश्त कर रही है।





