जगदलपुर। छत्तीसगढ़ की रणजी ट्रॉफी टीम में पहली बार बस्तर के दो युवा खिलाड़ी सौरव मजूमदार और रुद्र प्रताप देहारी का चयन हुआ है। बस्तर जिला क्रिकेट संघ के सचिव केदार ठाकुर से मिली जानकारी अनुसार, जहां सौरभ मजूमदार विगत कुछ वर्षों से लगातार छत्तीसगढ़ रणजी ट्रॉफी टीम का हिस्सा बने हुए हैं।
वहीं बस्तर के कटेकल्याण जैसे अंदरूनी क्षेत्र के खिलाड़ी रुद्र प्रताप का चयन होना बस्तर के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। ये दोनों खिलाड़ी छत्तीसगढ़ की रणजी ट्रॉफी टीम मे शुरुआती 4 मैचों के लिए चयनित टीम का हिस्सा बनेंगे। इसके पहले भी रुद्र प्रताप देहारी मुंबई इंडियंस की रिलायंस टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका के दौरे के लिए चयनित हुए थे। उनके पिछले प्रदर्शन के आधार पर इस बार उन्हें छत्तीसगढ़ की रणजी टीम में जगह मिली है।सौरभ मजूमदार विगत के वर्षों में रणजी ट्रॉफी के मैच में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आ रहे हैं वहीं रुद्र प्रताप से इस बार अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। इन दोनों खिलाड़ियों के चयनित होने पर बस्तर जिला क्रिकेट संघ के आनंद मोहन मिश्रा, विश्व मोहन मिश्रा,राजकुमार महतो, शिबो मोहंती, गोविंद वर्मा, सुशील चौहान एवं चयनकर्ता प्रदीप गुहा, विवेक राय, टोनी बारला, रविंद्र ठाकुर, शाहिद खान ने शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।





