Acn18. Com भरत सिंह चौहान जांजगीर चाम्पा
शिवरीनारायण के बाढ़ प्रभावित वार्ड क्रमांक 15 में पार्षद अंकुर गोयल ने पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर बीमारी और संक्रमण से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया।
महानदी का जलस्तर बढ़ने से शिवरीनारायण के वार्ड क्रमांक 15 में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। पार्षद अंकुर गोयल और वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद ओम प्रकाश साहू ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।
पार्षदों ने लोगों से पानी को अच्छी तरह उबालकर, छानकर और ठंडा करने के बाद ही पीने की अपील की। साथ ही आसपास साफ-सफाई रखने और बाढ़ के पानी से होने वाले संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी।
उन्होंने क्षतिग्रस्त या बाढ़ के पानी में डूबे मकानों में फिलहाल वापस नहीं जाने की अपील की, क्योंकि पानी से मकानों की संरचना कमजोर होने और गिरने का खतरा बना रह सकता है।
वहीं, पार्षद अंकुर गोयल ने वार्ड के युवाओं से भी जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने युवाओं से घर-घर पहुंचकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की स्थिति जानने और जरूरत के मुताबिक सहयोग करने को कहा।
बाढ़ के इस मुश्किल दौर में जनप्रतिनिधियों ने लोगों से सावधानी बरतने और एक-दूसरे की मदद करने की अपील की है।





