Acn18. Com. सूरजपुर में मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। दुकान की छत तोड़कर लाखों रुपये के मोबाइल पार करने वाले पांच आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं, इनमें चार नाबालिग भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 12 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक बरामद की गई है।
मामला जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली मेन मार्केट का है, जहां मुस्कान मोबाइल दुकान को चोरों ने निशाना बनाया था। आरोपियों ने पहले पूरी योजना बनाई और फिर दुकान के ऊपर लगी शीट को तोड़कर अंदर दाखिल हुए।
इसके बाद दुकान में रखे मोबाइल फोन को एक-एक कर छांटकर चोरी किया और मौके से फरार हो गए। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और चार नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल अपाचे बाइक बरामद की है।
फिलहाल जयनगर पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





