Home KORBA बालोद से मूर्ति लेकर मुंबई पहुंचे लोकेंद्र : क्रिकेटर सुर्यकुमार यादव को...

बालोद से मूर्ति लेकर मुंबई पहुंचे लोकेंद्र : क्रिकेटर सुर्यकुमार यादव को दी भेंट, छत्तीसगढ़ आने का दिया न्योता

0
11

 

बालोद जिले के देवगहन गांव में 18 शहीद जवानों की प्रतिमाएं स्थापित करने वाले लोकेंद्र साहू ने सूर्यकुमार यादव से मुंबई में मुलाकात की।

देश के वीर जवानों के बलिदान को याद रखने और नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने की एक गांव के किसान की पहल अब क्रिकेट की दुनिया तक पहुंच गई है। बालोद जिले के देवगहन गांव में स्थापित 18 शहीद जवानों की प्रतिमाओं के अनावरण के लिए किसान और पूर्व सरपंच लोकेंद्र साहू ने भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव से मुंबई में मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित किया है। खास बात यह रही कि, इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो खुद सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर साझा किए, जिसके बाद देवगहन की यह पहल चर्चा में आ गई है।क्रिकेट

 

 

करीब 10 लाख रुपये खर्च कर स्थापित कराईं 18 प्रतिमाएं

अर्जुंदा तहसील के देवगहन गांव के किसान और पूर्व सरपंच लोकेंद्र साहू ने करीब दो साल पहले अपने खेत के पास सड़क किनारे निजी खर्च से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से 18 शहीद जवानों की प्रतिमाएं स्थापित कराईं। इन प्रतिमाओं के जरिए कारगिल युद्ध, 26/11 मुंबई आतंकी हमला, पुलवामा हमला, छत्तीसगढ़ में हुए नक्सली हमलों और गलवान घाटी में शहीद हुए सेना एवं पुलिस के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई है। लोकेंद्र साहू का उद्देश्य केवल स्मारक बनाना नहीं, बल्कि इन प्रतिमाओं के माध्यम से युवाओं को देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों की वीरगाथा और उनके योगदान से परिचित कराना है।इतिहास

 

 

 

क्रिकेटर रह चुके हैं लोकेंद्र साहू

लोकेंद्र साहू खुद भी क्रिकेट खिलाड़ी रह चुके हैं। करीब 25 वर्ष पहले भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल होने का सपना लेकर वे क्रिकेट की कोचिंग लेने मुंबई पहुंचे थे। हालांकि उनका क्रिकेट का सपना पूरा नहीं हो सका, लेकिन खेल से उनका जुड़ाव आज भी कायम है। वे क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित करते हैं। शहीद प्रतिमाओं का अनावरण किसी भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी के हाथों कराने की इच्छा को लेकर वे शहीद परिवारों के साथ कई बार मुंबई का दौरा भी कर चुके हैं। जून 2024 में उन्होंने छत्तीसगढ़ के शहीद परिवारों के साथ क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर से मुलाकात का प्रयास किया था।क्रिकेट

 

 

 

सूर्यकुमार यादव को भेंट की उनकी आदमकद प्रतिमा

इसी सिलसिले में 14 सितंबर को सूर्यकुमार यादव के जन्मदिन के अवसर पर लोकेंद्र साहू ने मुंबई में उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सूर्यकुमार यादव की सीमेंट से तैयार करीब 4 क्विंटल वजनी आदमकद प्रतिमा उन्हें भेंट की। बताया गया कि, बालोद से मालवाहक वाहन के जरिए इस प्रतिमा को मुंबई के चेंबूर स्थित सूर्यकुमार यादव के निवास तक पहुंचाया गया था। प्रतिमा देखकर सूर्यकुमार यादव ने प्रसन्नता जाहिर की।

 

 

 

छत्तीसगढ़ आने का दिया आश्वासन

मुलाकात के दौरान लोकेंद्र साहू ने सूर्यकुमार यादव को देवगहन आने और शहीदों की प्रतिमाओं के अनावरण के लिए आमंत्रित किया। इस पर सूर्यकुमार यादव ने भविष्य में छत्तीसगढ़ आकर देवगहन में स्थापित शहीदों की प्रतिमाएं देखने और शहीद परिवारों से मुलाकात करने का आश्वासन दिया। मुलाकात के फोटो और वीडियो सूर्यकुमार यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साझा किए। इसके बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट को लगातार प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। वहीं, देवगहन गांव में शहीदों की याद में स्थापित इन प्रतिमाओं और लोकेंद्र साहू की पहल की चर्चा भी अब बालोद से निकलकर क्रिकेट जगत तक पहुंच गई है।

error: Content is protected !!