Acn18. Com.अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र के पटपरिया से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बीए फर्स्ट ईयर की 19 वर्षीय छात्रा अंतरा शाह ने अपने जीजा के घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा करीब छह महीने पहले अंबिकापुर आई थी और पीजी कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त अंतरा बिस्तर पर नहीं थी। वह बाथरूम गई, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद उसकी बहन ने बाथरूम की खिड़की से झांका, तो अंदर अंतरा का शव फांसी पर लटका मिला।
घटना के बाद परिवार ने NSUI से जुड़े छात्र नेता ज्ञान तिवारी पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, अंतरा की सहेलियों से उन्हें जानकारी मिली कि छात्र नेता के पास अंतरा की कुछ चैट और वीडियो थे और उन्हें परिवार को दिखाने की धमकी देकर कथित तौर पर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था।
हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। परिवार का कहना है कि घटना से पहले अंतरा सामान्य थी और हंसकर बातचीत कर रही थी।
मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की है। अब पुलिस जांच में यह पता लगाना अहम होगा कि छात्रा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।









