Acn18 Com सक्ति. चंद्र कुमार चंद्रा.सक्ती जिले के जेठा से इस वक्त की बड़ी खबर है…जहां केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
जेठा पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का हेलीकॉप्टर से आगमन हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। वहीं महिला कर्मा पार्टी की 50 सदस्यीय टीम ने शानदार प्रस्तुति देकर अतिथियों का स्वागत किया।
इसके बाद शुरू हुआ वो कार्यक्रम, जिसमें 2 लाख परिवारों ने अपने नए पक्के घर में गृह प्रवेश किया। यही नहीं, सक्ती जिले को भी विकास की बड़ी सौगात मिली।
जेठा… सक्ती… और हजारों लोगों की मौजूदगी में विकास का बड़ा मंच।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 2 लाख नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कराया और प्रतीकात्मक रूप से हितग्राहियों को नए घरों की चाबी सौंपी।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 3 लाख 65 हजार अतिरिक्त आवासों की बड़ी सौगात देने का ऐलान किया।
साथ ही सक्ती जिले में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने और बस्तर संभाग में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के सर्वे की समय-सीमा बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 तक करने की घोषणा की गई।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों के जीवन में बदलाव लाने के लिए लगातार काम कर रही है।
वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में पिछले ढाई वर्षों में 11 लाख 50 हजार से ज्यादा प्रधानमंत्री आवास पूरे किए जा चुके हैं।
महिलाओं और ग्रामीण विकास पर भी जोर
कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं की उपलब्धियों को भी मंच से रेखांकित किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
इसी दौरान ग्रामीण विकास से जुड़े कई नए अभियान और नवाचार भी शुरू किए गए।
मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन, ‘धार अपार’ और ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान की शुरुआत हुई।
वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 270 नवीन इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टरों का विमोचन और ‘अथ उद्यमिता की ओर’ इन्क्यूबेशन प्रोग्राम के चैलेंज फंड इवेंट का शुभारंभ किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदियों, डीलर दीदियों और पंचायत प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया।
सक्ती को 121 करोड़ से ज्यादा की सौगात
अब बात सक्ती जिले की बड़ी सौगात की…
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले में 121 करोड़ 70 लाख रुपये से अधिक की लागत के 38 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
इनमें करीब 79 करोड़ 25 लाख रुपये के 23 कार्यों का भूमिपूजन और करीब 42 करोड़ 46 लाख रुपये के 15 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासन और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े इन प्रोजेक्ट्स से जिले के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
करीब 25 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से 22 किलोमीटर सड़क निर्माण और करीब 15 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण जैसे कार्य भी इसमें शामिल हैं।
इसके अलावा कन्या महाविद्यालय सक्ती का नया भवन, मालखरौदा शासकीय महाविद्यालय का अतिरिक्त भवन, लाइवलीहुड संस्थान, उप स्वास्थ्य केंद्र और महतारी सदन जैसे कार्यों की आधारशिला रखी गई।
वहीं सड़क, पुल-पुलिया, तहसील कार्यालय, पुलिस थाना भवन, पुलिस चौकी, हाईस्कूल, प्रशिक्षण भवन और महतारी सदन समेत कई तैयार विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।
यानी सक्ती के जेठा में एक ही मंच से दो बड़ी तस्वीरें सामने आईं—
एक तरफ 2 लाख परिवारों के सपनों के पक्के घर का गृह प्रवेश…
तो दूसरी तरफ जिले के लिए 121 करोड़ 70 लाख से ज्यादा के 38 विकास कार्यों की सौगात।
जेठा का यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री आवास योजना और ग्रामीण विकास के साथ-साथ सक्ती के विकास को नई दिशा देने वाला बड़ा आयोजन बनकर सामने आया।









