सुकमा : सुकमा जिले में सीआरपीएफ हेडक्वार्टर परिसर में उस वक्त जवानों के बीच हलचल मच गई, जब परिसर के भीतर एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अजगर की लंबाई करीब 20 फीट बताई जा रही है। इतने बड़े सांप को परिसर में देखकर जवानों ने तुरंत सतर्कता बरती और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने के लिए कहा।अजगर को देखने के बाद इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और CRPF जवानों के साथ मिलकर अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की कार्रवाई शुरू की। विशाल आकार होने के कारण अजगर को पकड़ना आसान नहीं था, इसलिए टीम ने काफी सावधानी और सूझबूझ के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।रेस्क्यू के दौरान अजगर को किसी तरह की चोट न पहुंचे और आसपास मौजूद जवानों की सुरक्षा भी बनी रहे, इसका विशेष ध्यान रखा गया। टीम ने धीरे-धीरे अजगर को नियंत्रित किया और उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला। इस दौरान CRPF जवान भी वन विभाग की टीम के साथ लगातार सहयोग करते नजर आए।








