Acn18. Com. रायगढ़ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से नाबालिग को बहला-फुसलाकर कोरबा लाने और उसके साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जन्माष्टमी मेला दिखाने के बहाने 23 वर्षीय युवक नाबालिग को कोरबा ले गया। आरोप है कि यहां होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है।
पूरा मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को 16 वर्षीय नाबालिग बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने BNS की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग के परिजनों और सहेलियों से पूछताछ की। उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी जांच की गई। इसी दौरान कोरबा निवासी अनूप साह के संपर्क में होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अनूप साह कोरबा के किरोड़ीमल क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा, जहां उसके साथ नाबालिग भी मिली।
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि करीब चार महीने पहले चांपा से रायगढ़ जाते समय ट्रेन में उसकी अनूप से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों मोबाइल पर बातचीत करने लगे।
बताया गया कि रक्षाबंधन के दौरान मां से कहासुनी के बाद नाबालिग ने इसकी जानकारी अनूप को दी। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर अनूप उसे जन्माष्टमी मेला दिखाने के बहाने कोरबा ले आया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान होटल में नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया गया।
इसके बाद दोनों ट्रेन से डोंगरगढ़ गए और वहां एक-दो दिन घूमने के बाद रायगढ़ लौटे। इसी दौरान पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 64(2)(m) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अब पुलिस जांच में यह भी सामने आएगा कि आरोपी ने नाबालिग को किस तरह अपने साथ ले गया और घटना से जुड़े अन्य पहलू क्या हैं।









