Acn18. Com कोरबा में सड़क निर्माण को लेकर प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है।कलेक्टर कुणाल दुदावत और एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने ध्यानचंद चौक से रूमगरा, बजरंग चौक होते हुए रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का पैदल निरीक्षण किया।
करीब 5.74 किलोमीटर लंबी टू-लेन सीसी सड़क का निर्माण लगभग 29 करोड़ रुपये की डीएमएफ राशि से कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सड़क की मौजूदा स्थिति, निर्माण की रफ्तार और बारिश से प्रभावित हिस्सों का बारीकी से जायजा लिया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न हो। साथ ही सड़क निर्माण के दौरान आम लोगों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए बेहतर डायवर्सन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
वहीं कलेक्टर-एसपी ने ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी निरीक्षण किया। पुल की सड़क और आसपास बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का फोकस साफ है—सड़क निर्माण तेज हो, गुणवत्ता बेहतर हो और निर्माण के दौरान आम जनता को कम से कम परेशानी हो।
अब देखना होगा कि अधिकारियों के इन निर्देशों के बाद 5.74 किलोमीटर की यह बहुप्रतीक्षित सड़क कितनी तेजी से अपने तय स्वरूप में आती है।









