Home छत्तीसगढ़ माओवादियों के डंप से 9 एमएम पिस्टल और 30 किलो विस्फोटक बरामद,...

माओवादियों के डंप से 9 एमएम पिस्टल और 30 किलो विस्फोटक बरामद, 10 किलो टिफिन IED मौके पर नष्ट

0
3

कोंडागांव। Kondagaon Naxal News: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मर्दापाल थाना क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर नक्सल सेल, DRG/बस्तर फाइटर्स और BDS की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने एक 9 एमएम पिस्टल, करीब 30 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री और बड़ी मात्रा में नक्सलियों की डंप सामग्री बरामद की है।

बरामद सामग्री में शामिल 10 किलोग्राम का टिफिन IED सुरक्षा की दृष्टि से BDS टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।

आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर चला अभियान

पुलिस के मुताबिक, कोंडागांव जिले में माओवादियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियार, IED और अन्य सामग्री की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनाथ मीणा और कोंडागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर तत्काल तस्दीक की गई।

इसके बाद नक्सल सेल, DRG/बस्तर फाइटर्स और BDS की संयुक्त टीम को मर्दापाल थाना क्षेत्र के ग्राम कोरमेल, पुसपाल मोखामारी और आसपास के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में रवाना किया गया।

जंगल की घेराबंदी कर की गई डी-माइनिंग

अभियान के दौरान टीम ने ग्राम पुसपाल मोखामारी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र की घेराबंदी की। इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डी-माइनिंग और सर्चिंग अभियान चलाया गया।

सर्चिंग के दौरान टीम को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली। पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षित करते हुए बरामद सामग्री को कब्जे में लिया।

9 एमएम पिस्टल और 30 किलो विस्फोटक बरामद

सुरक्षा बलों ने मौके से 01 नग 9 एमएम पिस्टल और करीब 30 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री समेत भारी मात्रा में नक्सलियों की डंप सामग्री बरामद की।

वहीं, बरामद 10 किलोग्राम टिफिन IED को BDS टीम ने सुरक्षा मानकों के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया, जिससे किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

नक्सल उन्मूलन अभियान जारी

कोंडागांव पुलिस के अनुसार, जिले में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियारों एवं विस्फोटकों को बरामद करने का अभियान लगातार जारी है।

पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पित माओवादियों से प्राप्त महत्वपूर्ण सूचनाओं के आधार पर आगे भी ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा।