Raipur Wine Shop Fire: राजधानी रायपुर में आधी रात को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रेलवे स्टेशन के ठीक सामने स्थित एक सरकारी अंग्रेजी शराब दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और प्रशासन ने तत्काल कदम उठाते हुए आसपास स्थित होटलों में ठहरे लोगों को बाहर निकाला और परिसर को खाली कराया।
कर्मचारियों के न पहुंचने से बढ़ा हादसा
शुरुआती जानकारी के अनुसार, देर रात शराब दुकान से अचानक धुआं निकलता देख स्थानीय निवासियों ने तुरंत गंज थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, शराब दुकान के कर्मचारियों और आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से समय पर संपर्क नहीं हो सका। इसके चलते दमकलकर्मी और पुलिस काफी देर तक दुकान के बाहर ही खड़े रहे। इस बीच, अंदर सुलग रही आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
लाखों रुपये की शराब जलकर राख
काफी मशक्कत के बाद जब आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दुकान का शटर खोला गया, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। नए सिस्टम के तहत दुकान में प्लास्टिक की बोतलों में रखी सरकारी अंग्रेजी शराब आग की भीषण गर्मी से पिघलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। इस हादसे में लाखों रुपये के राजस्व और सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
सुबह तक चला राहत एवं बचाव कार्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मी अलसुबह तक आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयासों में जुटे रहे। गनीमत यह रही कि आसपास के होटलों को समय रहते खाली करा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।








