
महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 170 किलो 750 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को मिनी ट्रक में कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे छिपा रखा था। मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
महासमुंद के बिरकोनी स्थित एनएच-353 पर महाराजा ढाबा के पास पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर कांच और कचरे से भरे मिनी ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान कांच के टुकड़ों के नीचे छिपाकर रखा गया 170 किलो 750 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 85 लाख रुपये है, बरामद हुआ।
पूछताछ में सामने आया कि ट्रक ओडिशा के बौद्धगढ़ से गांजा लेकर फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश जा रहा था। ट्रक के पीछे स्वीफ्ट कार से तीन आरोपी फॉलो कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया।
गिरफ्तार चारों आरोपियों के कब्जे से गांजा, मिनी ट्रक, स्वीफ्ट कार, मोबाइल और नकदी समेत करीब 97 लाख 3 हजार 970 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







