सुकमा। जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। भारी बारिश के कारण कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और कुछ मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया है। प्रशासन और पुलिस की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
राजपेंटा नाले पर बढ़ा पानी
दोरनापाल-जगरगुंडा मार्ग पर राजपेंटा नाले में पानी का बहाव बढ़ गया है। नाले का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है, जिसके चलते इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है। लोगों को पानी कम होने तक सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
बेदरे नाले में भी पुल के ऊपर पानी
वहीं जगरगुंडा से बीजापुर जाने वाले मार्ग पर बेदरे नाले में भी पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। लगातार बारिश के चलते यहां जलस्तर बढ़ने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शबरी नदी का जलस्तर बढ़ा
लगातार बारिश का असर शबरी नदी पर भी दिखाई दे रहा है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे आसपास के इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस-प्रशासन अलर्ट
बारिश से उत्पन्न स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें जिलेभर में मुस्तैद हैं। संवेदनशील इलाकों और नदी-नालों पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनते नदी-नालों और पुलों को पार करने का जोखिम न उठाएं।






