सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में साइबर फ्रॉड का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस की जांच में ₹113 करोड़ 32 लाख से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि एक ही बैंक खाते से देश के 21 राज्यों के करीब 150 खाताधारकों की शिकायतें जुड़ी मिली हैं।
I4C पोर्टल से मिली अहम जानकारी
पुलिस को I4C (Indian Cyber Crime Coordination Centre) पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई। जांच आगे बढ़ने पर बैंक खाते में बड़ी रकम के संदिग्ध लेन-देन का पता चला। इसके बाद पुलिस ने खाते से जुड़े लोगों और लेन-देन की कड़ियों को खंगालना शुरू किया।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महेश कुमार चक्रधारी को गिरफ्तार किया है। वहीं उसका साथी देवनारायण चक्रधारी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
21 राज्यों से जुड़ी साइबर ठगी की कड़ियां
जांच में सामने आया है कि संबंधित बैंक खाते से देश के 21 अलग-अलग राज्यों के करीब 150 खाताधारकों की शिकायतें जुड़ी हुई हैं। इससे पुलिस को साइबर ठगी के बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क की आशंका है।






