
कोरिया जिले के बैकुंठपुर में इन दिनों झुमका जलाशय का एक खूबसूरत नजारा लोगों को अपनी ओर खींच रहा है। लगातार बारिश के बाद जब झुमका जलाशय पानी से लबालब हो जाता है, तो जलाशय के एक हिस्से से पानी चट्टानों के बीच से बहता हुआ छोटी सी जलधारा और झरने का रूप ले लेता है। तेज बहाव के बीच गिरता सफेद झागदार पानी ऐसा नजारा पेश करता है, मानो पहाड़ों से दूध की धारा बह रही हो। ये तस्वीरें बैकुंठपुर के झुमका जलाशय की हैं, जहां बारिश के बाद प्रकृति का बेहद खूबसूरत रूप देखने को मिल रहा है। चट्टानों के बीच से तेज रफ्तार में बहता पानी जब नीचे गिरता है, तो पूरी जलधारा दूधिया नजर आती है। चारों तरफ हरियाली, चट्टानों पर गिरता पानी और झरने की आवाज यहां पहुंचने वाले लोगों को खूब आकर्षित कर रही है।
झुमका बांध बैकुंठपुर से करीब 3 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। जिला प्रशासन के अनुसार झुमका क्षेत्र कोरिया जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और बारिश के मौसम में यहां का प्राकृतिक नजारा और भी खूबसूरत हो जाता है। झरने के इस मनमोहक नजारे को देखने के लिए आसपास के इलाकों से लोग पहुंच रहे हैं। कोई परिवार के साथ पिकनिक मना रहा है तो कोई इस खूबसूरत नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर रहा है। सफेद झाग के साथ चट्टानों से गिरती पानी की धार देखकर ऐसा लगता है, जैसे आसमान से उतरती कोई दूधिया नदी जमीन पर बह रही हो।






