जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के प्रेमनगर मोहल्ले में देर रात अज्ञात बदमाश ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाश ने सड़क किनारे खड़ी 6 गाड़ियों के शीशे ईंट और पत्थर से हमला कर तोड़ दिए, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
देर रात 1 से 2 बजे के बीच वारदात
जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि एक व्यक्ति ने प्रेमनगर में खड़ी दो कार और चार पिकअप वाहनों के शीशे पत्थर और ईंट मारकर तोड़ दिए और मौके से फरार हो गया।
सुबह जब वाहन मालिक अपने घरों से बाहर निकले तो सड़क पर टूटे हुए कांच बिखरे मिले। इसके बाद घटना की जानकारी पूरे मोहल्ले में फैल गई।
वाहन मालिकों ने पुलिस से की शिकायत
घटना से नाराज वाहन मालिक और मोहल्लेवासी शिकायत लेकर पत्थलगांव थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि इस तरह की हरकत करने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और वाहनों को हुए नुकसान की भरपाई कराई जाए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा प्रेमनगर मोहल्ले में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।






