धमतरी। जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां ट्रक की चपेट में आने से एक वन विभाग कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाइक सवार कर्मचारी का हाथ बुरी तरह कुचल गया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार देर रात करीब 12 बजे सिहावा चौक स्थित शंकर मंदिर के पास हुई। बताया जा रहा है कि वन विभाग का कर्मचारी बाइक से जा रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में कर्मचारी के हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ पूरी तरह कुचल गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रक चालक और हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।





