Home KORBA रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत : पत्नी-बच्चों...

रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत : पत्नी-बच्चों को जहर देकर पति ने लगाई फांसी, आर्थिक तंगी से जूझने की आशंका

0
7

Police team conducting an investigation 1784348377 Untitl 2026 07 18 110930

रायपुर के संजय नगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिले। शुरुआती जांच में पत्नी और बच्चों को जहर देने के बाद पति द्वारा फांसी लगाने की आशंका जताई जा रही है।

 

 

 

रायपुर। राजधानी के संजय नगर स्थित मदनी चौक में शुक्रवार देर रात एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती पुलिस जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार के मुखिया ने पहले पत्नी और तीन बच्चों को जहर दिया और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस और एफएसएल की टीम मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

 

 

दरवाजा तोड़ने पर खुला राज

मृतक परिवार संजय नगर के मदनी चौक स्थित एक किराए के मकान में पिछले करीब डेढ़ साल से रह रहा था। शुक्रवार को पूरे दिन घर में कोई गतिविधि नहीं दिखने और दरवाजा अंदर से बंद होने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा, जहां अंदर पांच लोगों के शव मिले।

 

 

 

पति फंदे पर, पत्नी और तीन बच्चों के शव बिस्तर पर मिले

मृतकों की पहचान 50 वर्षीय सैय्यद साजिद अली, उनकी पत्नी राबिया बानो, बेटे सैय्यद इरशाद अली (20 वर्ष), बेटी शाहिदा (15 वर्ष) और इरशाबा परवीन (12 वर्ष) के रूप में हुई है। साजिद का शव फंदे पर लटका मिला, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव जमीन पर बिछे बिस्तर पर पड़े मिले। पुलिस के अनुसार, चारों के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहरीला पदार्थ दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

 

आर्थिक तंगी और कर्ज की बात आई सामने

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। कर्ज और घरेलू विवाद की बातें भी सामने आई हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, साजिद अली मौदहापारा स्थित एक दुकान में बैटरी रिपेयर का काम करता था। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार काफी शांत स्वभाव का था और किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था।

 

पुलिस जांच जारी

घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। पश्चिम जोन के एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि एक शव फंदे पर और चार शव जमीन पर मिले हैं। चारों के मुंह से झाग निकल रहा था। फिलहाल किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है और मामले की जांच जारी है।