
कोरबा जिले के दादर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान मेले के समीप बिजली के तार पर 8 फीट का विशाल अजगर बैठा होने से अफरा-तफरी मच गई। मेले में उस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आमजन मौजूद थे, जिससे किसी अनहोनी की आशंका बढ़ गई थी।
*भीड़ में फैली दहशत, रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा*
सूचना मिलते ही कोरबा वन मंडल की अधिकृत रेस्क्यू टीम के सदस्य *जितेंद्र सारथी* अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम में शामिल राजू बर्मन, राकेश मानिकपुरी, साहिल और बॉबी ने तत्काल भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटाया।
इसके बाद टीम ने पूरी सावधानी, धैर्य और तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए बिजली के तार से अजगर का सफल रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने अजगर को सुरक्षित प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ दिया।
*वन विभाग की अपील: घबराएं नहीं, सूचना दें*
वन विभाग और रेस्क्यू टीम ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षा ऋतु में पानी भरने के कारण सांप और अन्य वन्यजीव अपने प्राकृतिक आवास छोड़कर बाहर निकल सकते हैं।
ऐसी स्थिति में घबराएं नहीं और न ही वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करें। तुरंत वन विभाग या अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि इंसान और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
वन अधिकारियों ने कहा कि _“वन्यजीव हमारे पर्यावरण और जैव विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”_
फिलहाल रेस्क्यू के बाद रथ यात्रा और मेला शांतिपूर्वक जारी रहा।





