सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र से हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को मारपीट कर जहर खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने करीब 1 महीने बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
*5 साल पहले हुआ था विवाह*
जानकारी के अनुसार कोरिया जिले के अंगा गांव की रहने वाली *आरती* का विवाह 5 साल पहले रामानुजनगर विकासखंड के लेडुवा गांव के *दिनेश साहू* से हुआ था। आरती अपने पिता की 3 संतानों में इकलौती बेटी थी और उसके 2 मासूम बच्चे भी हैं।
*पिता को फोन कर दी झूठी जानकारी*
मृतिका के पिता *हंसलाल साहू* ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपी दामाद ने पहले फोन कर कहा कि “तुम्हारी बेटी से तंग आ गया हूं, अपनी बेटी को ले जाओ।” पिता के एक घंटे में पहुंचने की बात कहने पर आरोपी ने दोबारा फोन कर कहा कि “तुम्हारी बेटी ने जहर खा लिया है, जिला अस्पताल ले जा रहे हैं।”
इसके बाद पिता सूरजपुर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां आरती बेहोश थी। देर रात होश आने पर आरती ने पिता को बताया कि पति ने मारपीट कर उसे जहर खिलाया है।
तबियत बिगड़ने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान आरती की मौत हो गई।
*पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार*
मामले में पिता की शिकायत पर रामानुजनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। चूंकि मामला नवविवाहिता का था, इसलिए कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष शव पंचनामा कराया गया।
*एसडीओपी अभिषेक पैकरा* ने बताया कि जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति दिनेश साहू को गिरफ्तार कर आज उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस घटना के बाद दो मासूम बच्चे अनाथ हो गए हैं और एक पिता ने अपनी इकलौती बेटी को खो दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




