बिलासपुर। जिले के बेलगहना थाना क्षेत्र में एक वयस्क भालू का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भालू का शव एक सूखे नाले के पास मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
पोस्टमार्टम के बाद खुलेगा मौत का राज
वन विभाग ने मृत भालू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही भालू की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्र की भी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, वन्यजीव की मौत को लेकर विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है।





