Home Astrology नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम! 15 किलो IED, रॉकेट लॉन्चर और हथियारों...

नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम! 15 किलो IED, रॉकेट लॉन्चर और हथियारों का जखीरा बरामद

0
2

 

 

 

 

नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जंगल क्षेत्र से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। अभियान के दौरान मिले 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर IED को बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर संभावित बड़ी घटना को टाल दिया।

 

 

इनपुट मिलने के बाद चलाया गया सर्च ऑपरेशन

विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) की संयुक्त टीम ने जंगल क्षेत्र में एरिया डॉमिनेशन और सघन तलाशी अभियान चलाया। अभियान में ITBP के जवानों, स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मिलकर संवेदनशील इलाकों की तलाशी ली। इसी दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया विस्फोटक और हथियारों का डम्प बरामद हुआ।

 

15 किलो का IED मौके पर किया गया निष्क्रिय

तलाशी के दौरान बरामद 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर IED को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नियंत्रित विस्फोट के जरिए निष्क्रिय किया गया। अधिकारियों के मुताबिक समय रहते कार्रवाई होने से किसी संभावित बड़े हमले की आशंका टल गई।

 

 

हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा मिला

संयुक्त टीम ने मौके से स्थानीय स्तर पर निर्मित एक रॉकेट लॉन्चर, 16 देशी 51 मिमी मोर्टार राउंड, पांच 84 मिमी रॉकेट लॉन्चर राउंड, 10 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर राउंड, .303 राइफल के आठ कारतूस तथा चार सामरिक पाउच सहित बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की। बरामद सामग्री को सुरक्षा एजेंसियों ने अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

 

नक्सल विरोधी अभियान रहेगा जारी

सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद संयुक्त टीम सुरक्षित कैंप लौट आई। पुलिस का कहना है कि नक्सल गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने और संवेदनशील क्षेत्रों में शांति बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे