

उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसोर्ट में शुक्रवार देर रात जन्मदिन की पार्टी खूनी विवाद में तब्दील हो गई। विवाद के दौरान कैंपर वाहन से कुचलकर दीपका निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन समेत फरार हो गया।
*रात 1.30 बजे हुई वारदात*
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 1.30 बजे की है। दीपका के गरुणनगर क्षेत्र से करीब 20 से 25 युवक ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा का बर्थडे मनाने मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे।
पार्टी के दौरान शराब के अधिक नशे को लेकर युवकों के बीच किसी बात पर विवाद शुरू हुआ। विवाद देखते ही देखते मारपीट और हिंसा में बदल गया। इसी दौरान आरोपी तुषार ढांढा ने कथित रूप से कैंपर वाहन से दीपका निवासी उज्जवल सिंह को कुचल दिया। गंभीर चोट लगने से उज्जवल की मौके पर ही मौत हो गई।
*आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी*
घटना के बाद आरोपी तुषार ढांढा कैंपर लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर उरगा पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। रिसोर्ट के सीसीटीवी फुटेज और पार्टी में शामिल लोगों से पूछताछ की जा रही है।
*15 दिन में चौथी हत्या, कोरबा बना “अपराधगढ़”*
बीते 15 दिनों में कोरबा शहर में यह चौथी हत्या की घटना है। लगातार हो रही हत्याओं से शहरवासी दहशत में हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि _”एक ओर पुलिस शाम को निकलकर चेकिंग करती है, दूसरी ओर शहर में हत्या हो जाती है। पूरी पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।”_
लोगों ने कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने और रिसोर्ट, ढाबों में रात में होने वाली पार्टियों पर सख्त निगरानी की मांग की है।





