बलरामपुर। पशु तस्करी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बलंगी चौकी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
जानकारी के अनुसार, 28 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश सीमा पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन को पकड़ा था। वाहन में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक भरकर बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया था, लेकिन दोनों तस्कर मौके से फरार होने में सफल हो गए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाश जारी रखी। आखिरकार दोनों आरोपियों को मध्यप्रदेश के सीधी जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें बलरामपुर लाकर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह पूरा मामला बलंगी पुलिस चौकी क्षेत्र का है।




