बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में पति की हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चरित्र शंका के चलते एक पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई है और उसका अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, आधी रात आरोपी पति ने पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला ने किसी तरह आंगन में फैली रेत में लोटकर अपनी जान बचाई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज किया है, लेकिन वारदात के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।




