Home छत्तीसगढ़ डीजल के लिए किसानों की लंबी कतारें, खेती पर पड़ रहा असर

डीजल के लिए किसानों की लंबी कतारें, खेती पर पड़ रहा असर

0
4

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में इन दिनों पेट्रोल पंपों पर डीजल के लिए किसानों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। खेती के महत्वपूर्ण समय में किसान सुबह से ही ट्रैक्टर लेकर पंपों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें समय पर डीजल नहीं मिल पा रहा है।

जिले के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह होते ही भीड़ उमड़ रही है। ट्रैक्टरों की लंबी लाइनें लग रही हैं और किसानों को 2 से 3 घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि डीजल की कमी के कारण जुताई समेत अन्य कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार, प्रशासन के निर्देश पर डिब्बों में डीजल देने पर रोक लगाई गई है, जिससे किसान सीधे ट्रैक्टर लेकर पंप पहुंच रहे हैं और भीड़ बढ़ती जा रही है।

इस स्थिति का असर अब आम लोगों पर भी दिखने लगा है। नौकरीपेशा, व्यापारी और अन्य उपभोक्ताओं को भी घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। खेती के इस अहम दौर में डीजल संकट ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं लोग प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।