अंबिकापुर। विधायक और नायब तहसीलदार के बीच हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। संघ के आह्वान पर आज से प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार सामूहिक रूप से कामबंद-कलमबंद आंदोलन पर रहेंगे।
कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ का कहना है कि 27 अप्रैल को विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद में प्रशासनिक अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया था। इस घटना को लेकर संघ लगातार कार्रवाई की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने से अधिकारियों में नाराजगी है।
संघ ने इस मामले में विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि सरकारी अधिकारियों के साथ इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई नहीं होती है तो प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में बाधाएं उत्पन्न होंगी।
आंदोलन के तहत तहसीलदार और नायब तहसीलदार नियमित प्रशासनिक कार्यों से दूरी बनाए रखेंगे। इससे राजस्व और अन्य प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। कई जिलों में अधिकारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताने की भी तैयारी की है।
गौरतलब है कि 27 अप्रैल को हुए विवाद के बाद से मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। घटना को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बयानबाजी भी देखने को मिली थी। अब कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आंदोलन ने इस मुद्दे को और अधिक गरमा दिया है।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं प्रशासन और शासन की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



