बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र में महिला की अश्लील फोटो और निजी वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता पिछले करीब एक वर्ष से अपने पति से अलग रह रही है। महिला ने आरोप लगाया है कि पति ने उसकी निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर कर बदनाम करने की कोशिश की। मामले की जानकारी मिलने के बाद महिला ने सीपत थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल सामग्री की जांच कर रही है और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी की निजी तस्वीर या वीडियो साझा करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी की निजी जानकारी या सामग्री को बिना अनुमति साझा न करें।




