Home छत्तीसगढ़ बेमेतरा में नगर पंचायत CMO का शराब पीते वीडियो वायरल, कलेक्टर ने...

बेमेतरा में नगर पंचायत CMO का शराब पीते वीडियो वायरल, कलेक्टर ने मांगी कार्रवाई, सरकारी कार्यालय में शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

0
8

बेमेतरा। जिले के नगर पंचायत दाढ़ी में पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) रमेश कुमार ध्रुव का कथित रूप से शराब पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में अधिकारी सरकारी कार्यालय के भीतर बैठकर शराब पीते नजर आ रहे हैं।वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है और पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

लोगों ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर किया वायरल

जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत कार्यालय में मौजूद कुछ लोगों ने CMO का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो तेजी से फैलने के बाद मामला जिला प्रशासन तक पहुंचा।

वीडियो में कथित तौर पर CMO कार्यालय के अंदर ही जाम छलकाते दिखाई दे रहे हैं, जिसे लेकर लोगों ने सरकारी मर्यादा और प्रशासनिक अनुशासन पर सवाल उठाए हैं।

कलेक्टर ने लिया संज्ञान

मामले को गंभीरता से लेते हुए बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने तत्काल संज्ञान लिया है। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को पत्र भेजकर CMO के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नगर पंचायत दाढ़ी का मामला

पूरा मामला नगर पंचायत दाढ़ी का बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल है। वहीं प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया।

फिलहाल मामले की जांच जारी है।