कवर्धा। कबीरधाम जिले के पंडरिया और लोहारा विकासखंड में एक बार फिर बड़े धान घोटाले का मामला सामने आया है। खाद्य विभाग की जांच में लगभग डेढ़ करोड़ रुपए के गबन और फर्जी धान खरीदी-विक्रय का खुलासा हुआ है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
कामठी समिति में 3289 क्विंटल धान की गड़बड़ी
जानकारी के अनुसार, पंडरिया विकासखंड अंतर्गत कामठी समिति में खाद्य विभाग की जांच के दौरान 3289 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी और बिक्री का मामला उजागर हुआ है। वहीं लोहारा विकासखंड के धरमगढ़ क्षेत्र में करीब 1200 क्विंटल धान की हेराफेरी पकड़ी गई है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस पूरे मामले में करीब डेढ़ करोड़ रुपए की राशि का गबन किया गया।
समिति प्रबंधक और ऑपरेटर पर आरोप
खाद्य विभाग की जांच में आरोप लगाया गया है कि प्रभारी प्रबंधक दयाराम पुसऊ, ऑपरेटर और अन्य संबंधित लोगों ने मिलकर धान खरीदी प्रक्रिया में अनियमितता करते हुए राशि का बंदरबांट किया।विभागीय अधिकारियों के अनुसार, गबन की गई राशि संबंधित समिति प्रबंधक, ऑपरेटर और अन्य दोषियों से वसूली योग्य मानी गई है।
शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप
खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन ने मामले को शासन की धान उपार्जन नीति का गंभीर उल्लंघन बताया है। उन्होंने कहा कि यह कृत्य सुनियोजित तरीके से शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की श्रेणी में आता है।
FIR दर्ज कराने के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित समिति प्रबंधक और ऑपरेटर के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जांच भी कराई जा रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गौरतलब है कि जिले में धान खरीदी में गड़बड़ी और फर्जीवाड़े के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। लगातार हो रही अनियमितताओं ने धान खरीदी व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल प्रशासन मामले में आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटा हुआ है।




