सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। आरोप है कि उप तहसील राजापुर में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए मारपीट की गई।
नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। शिकायत में कहा गया है कि राजपुर चौराहा पर सबके सामने विधायक और उनके समर्थकों ने मारपीट की।
कोतवाली पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता सहित 10 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 221(1), 132 और 191(2) के तहत जीरो पर अपराध कायम किया है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी और नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच हुई कहासुनी के बाद हुई। मामले की जांच जारी है।




