

भीषण गर्मी और लू का कहर अब इंसानों के साथ जानवरों पर भी भारी पड़ रहा है। पाली क्षेत्र के नौकोनिया तालाब किनारे हीट स्ट्रोक के कारण सैकड़ों चमगादड़ों के मरने की घटना ने पूरे गांव में दहशत फैला दी है। तापमान 42 से 43 डिग्री तक पहुंचते ही पेड़ों से चमगादड़ नीचे गिरने लगे।
*भयावह मंजर*
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोपहर होते ही तालाब किनारे के पेड़ों से चमगादड़ तड़प-तड़प कर नीचे गिर रहे थे। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में मृत चमगादड़ जमीन पर बिखरे दिखे। इस मंजर को देख गांव में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दे दी गई है।
*गर्मी ने बढ़ाई चिंता*
नौतपा शुरू होने से पहले ही कोरबा में तापमान ने 43 डिग्री को छू लिया है। दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। अस्पतालों में भी डिहाइड्रेशन और लू के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन और तेज गर्मी की संभावना जताई है।
हमारी अपील है कि दोपहर 12 से 3 बजे तक घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और मवेशियों के लिए छांव व पानी की व्यवस्था करें।




