कोरिया जिले में अवैध कोयला चोरी और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने चर्चा थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 34 बोरी अवैध कोयला जब्त किया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान एक अल्टो कार और एक पिकअप वाहन भी बरामद किया गया, जिनका इस्तेमाल कोयले के अवैध परिवहन में किया जा रहा था। मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि चर्चा थाना क्षेत्र में कोयले की चोरी कर उसका अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर घेराबंदी की गई और कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



