बिलासपुर। बिलासपुर जिले में शिवनाथ नदी में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पचपेड़ी तहसील क्षेत्र के उदईबंध और अमलडीहा इलाके में आधी रात औचक निरीक्षण कर विभागीय टीम ने तीन चैन माउंटेन मशीनों को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग को लंबे समय से शिवनाथ नदी में अवैध रेत खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते विभागीय अधिकारियों ने देर रात दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके पर अवैध उत्खनन करते मशीनें मिलीं, लेकिन मशीन ऑपरेटर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
खनिज विभाग ने तीनों मशीनों को मौके पर ही सील कर नोटिस जारी किया है। अधिकारियों के मुताबिक, अवैध खनन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पचपेड़ी तहसील क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी है। प्रशासन का कहना है कि नदी क्षेत्रों में अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




