नई दिल्ली/कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्होंने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम पर शपथ ग्रहण की। शपथ लेने के बाद उन्होंने नरेंद्र मोदी के पास जाकर उन्हें झुककर प्रणाम किया।
शपथ समारोह में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि ने मुख्यमंत्री के साथ 5 अन्य विधायकों को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निषिथ प्रमाणिक शामिल हैं।
इस मौके पर नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत NDA और BJP शासित राज्यों के लगभग 20 मुख्यमंत्री मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह के दौरान एक भावुक क्षण भी देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री मोदी ने 98 वर्षीय भाजपा कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का सम्मान किया। उन्होंने मंच पर जाकर उन्हें शॉल ओढ़ाया और उनके पैर छुए। इसके बाद माखनलाल सरकार ने प्रधानमंत्री को गले लगाया।
आध्यात्मिक छवि वाले नेता हैं सुवेंदु
1970 में पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोंतली गांव में जन्मे सुवेंदु अधिकारी बचपन से ही धार्मिक प्रवृत्ति के रहे हैं। वे नियमित रूप से रामकृष्ण मिशन जाया करते थे। परिवार को आशंका थी कि वे संन्यासी बन सकते हैं, लेकिन उन्होंने राजनीति का रास्ता चुना और अविवाहित रहने का निर्णय लिया।
80 के दशक के अंत में कांथी के प्रभात कुमार कॉलेज से उनकी छात्र राजनीति की शुरुआत हुई, जिसके बाद उन्होंने पूर्व मेदिनीपुर में अपनी मजबूत राजनीतिक पहचान बनाई।




