1 जून को मतदान, 4 जून को मतगणना
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों में होने वाले उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के कई नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्रों में रिक्त पदों पर मतदान कराया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक उपचुनाव के लिए 1 जून को मतदान होगा, जबकि 4 जून को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को लेकर संबंधित जिलों में प्रशासनिक तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार नगरीय निकायों में 5 नगर पालिका अध्यक्ष पद और 77 पार्षद पदों के लिए उपचुनाव कराया जाएगा। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत 82 सरपंच और 1136 पंच पदों पर मतदान होगा।
राज्य निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी हो गई है।




