युवक की हत्या : स्वजन ने शव रखकर इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर लगाया जाम
-थाने के सामने चल रहा प्रदर्शन, सभी आरोपियों पर एक समान कार्रवाई व मकान तोड़ने की मांग
रिपोर्टर. नीरज शुक्ला
खातेगांव (देवास) : अंचल के खातेगांव थाना क्षेत्र में इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे फोरलेन बायपास पर दाना बाबा धार्मिक स्थल के सामने संदिग्ध अवस्था में गुरुवार को मिले शव के मामले में आक्रोशित स्वजन ने शुक्रवार सुबह हाईवे पर थाने के सामने शव रखकर रास्ता जाम कर दिया। इस मामले में पुलिस ने रात में करीब चार संदिग्धों को पकड़ा था, सुबह जब स्वजन को पता चला कि इनमें से दो को ही मुख्य आरोपित बनाया जा रहा है तो उन्होंने थाने के सामने शव रखा और प्रदर्शन शुरू कर दिया। सभी आरोपितों पर एकसमान कार्रवाई, मकानों पर बुलडोजर चलाने, फांसी दिलाने की मांग की गई। रास्ता जाम होने के बाद टीआइ विजय लोधी, एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी, नायब तहसीलदार धर्मेद्र शर्मा आदि मौके पर पहुंचे और उचित व नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन स्वजन नहीं माने और सुबह करीब साढ़े नौ बजे से शुरू हुआ प्रदर्शन साढ़े ग्यारह बजे तक भी जारी था। इसके चलते हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा, छोटे वाहन रास्ते बदलकर निकले।
गुरुवार को नहीं किया था अंतिम संस्कार
शव गुरुवार को हाईवे पर पड़ा मिला था। मृतक की पहचान 25 वर्षीय राहुल नाथ निवासी ग्राम संदलपुर के रूप में हुई थी। पुलिस ने पीएम करवाकर मर्ग कायम कर उसी दिन शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया था लेकिन स्वजन हत्या का केस दर्ज करने व आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे, इसके चलते उन्होंने गुरुवार को अंतिम संस्कार नहीं किया था। बताया जा रहा है कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कई संदिग्धों को गुरुवार रात को ही पकड़ लिया था, इनसे पूछताछ में पता चला कि पांच से छह लोग शराब के ठेके पर गए थे, वहां पर कुछ रुक गए थे और कुछ के साथ राहुल और कहीं चला गया था। टीआइ लोधी ने कहा स्वजन जो चाह रहे थे वह कार्रवाई रात में ही हो गई थी, हत्या का केस दर्ज किया जा रहा है। जांच में बहुत सी जानकारी सामने आई है, उससे मृतक के स्वजन को अवगत करा रहे हैं।




