
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का कोरबा आगमन हुआ। इस मौके पर जगह जगह उनके इस्तिकबाल का कार्यक्रम रखा गया। डॉ राज के साथ वक्फ बोर्ड के सदस्य फैजान सरवर खान भी मौजूद रहे।
डॉ राज के स्वागत का सिलसिला पंतोरा से शुरू हुआ। यहां सुन्नी मुस्लिम जमात के अध्यक्ष अखलाख खान के साथ ही जुम्मन खान और मुस्लिम समुदाय के अन्य लोगों ने स्वागत किया। इसके बाद डॉ राज बरामपुर पहुंचे। जहां मुस्लिम जमात के युवाओं ने उनका अलग अंदाज में इस्तिकबाल किया।
बरामपुर के बाद डॉ राज पावर हाउस रोड स्थित जामा मस्जिद पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रैंड एसीएन न्यूज से बातचीत में कोरबा दौरे के बारे में जानकारी देते हुए वक्फ बोर्ड द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वक्फ की संपत्तियों को होने वाली आय को बढ़ाते हुए इसका लाभ मुस्लिम समाज के जरूरतमंदों को दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
कोरबा शहर के हृदय स्थल ट्रांसपोर्ट नगर में सुन्नी मुस्लिम जमात कोरबा के द्वारा डॉ सलीम राज का बड़े ही जोशो ख़रोश से इस्तिकबाल किया गया। यहां डॉ राज को लड्डुओं से तौला गया। इस मौके पर डॉ राज ने कोरबा की मुस्लिम समुदाय का आभार जताया।




