बीएड की डिग्री निकली फर्जी
नकली डिग्री से पा लिया सरकारी नौकरी
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक में एक शिक्षक की बीएड डिग्री को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला ग्राम पंचायत कांसा के शासकीय प्राथमिक शाला का है, जहां पदस्थ सहायक शिक्षक भूपेन्द्र कुमार पाटले की बीएड की डिग्री के फर्जी होने की आशंका जताई गई है। इस मामले में सूचना के अधिकार के तहत आवेदन देकर जांच की मांग की गई थी। मिली जानकारी के अनुसार ब्लॉक कार्यालय नवागढ़ में 30 दिसंबर 2025 को इस मामले की जांच निर्धारित की गई थी, लेकिन जांच के दौरान संबंधित शिक्षक भूपेन्द्र कुमार पाटले उपस्थित ही नहीं हुए।
बताया जा रहा है कि इसके बाद ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नवागढ़ ने आगे की कार्रवाई के लिए मामला जिला शिक्षा अधिकारी को प्रेषित कर दिया। हालांकि अब तक जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से किसी प्रकार की जांच प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है।
ऐसे में मामले की जांच को लेकर सवाल उठने लगे हैं और जांच की निष्पक्षता पर भी शंका जताई जा रही है।




