ब्रेकिंग न्यूज: छत्तीसगढ़ BJP नेताओं को असम – बंगाल की बड़ी जिम्मेदारी

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी तैयारियों के तहत छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं को असम और पश्चिम बंगाल में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे हैं। पार्टी नेतृत्व का यह फैसला दोनों राज्यों में जमीनी स्तर पर समन्वय बढ़ाने और रणनीतिक संचालन को धार देने के उद्देश्य से लिया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, डिप्टी सीएम अरुण साव और मंत्री ओपी चौधरी को असम का दायित्व सौंपा गया है। दोनों नेताओं को वहां 10-10 विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा सांसद विजय बघेल को भी असम में 10 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिम्मेदारी मिलने के तुरंत बाद अरुण साव और ओपी चौधरी असम के दौरे पर हैं और संगठनात्मक बैठकों व फील्ड रिपोर्ट के जरिए तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।
वहीं भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय को पश्चिम बंगाल का दायित्व दिया गया है। उनके साथ राजेश मूणत और शिवरतन शर्मा भी बंगाल में संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। पार्टी ने संकेत दिए हैं कि असम और बंगाल दोनों राज्यों में बैज (BLA/BAJ) की टीम भी सक्रिय रूप से तैनात की जाएगी, ताकि बूथ स्तर तक रणनीति प्रभावी ढंग से लागू हो सके।
दूसरी ओर, कांग्रेस भी दोनों राज्यों में अपनी तैयारी तेज कर रही है। कांग्रेस की ओर से भूपेश बघेल और विकास उपाध्याय को मोर्चा संभालने की जिम्मेदारी दी गई है।कुल मिलाकर, छत्तीसगढ़ के नेताओं को असम और बंगाल में मिली यह जिम्मेदारी यह दर्शाती है कि दोनों प्रमुख दल राष्ट्रीय स्तर पर संगठित और आक्रामक रणनीति के साथ आगे बढ़ रहे हैं। आने वाले दिनों में इन राज्यों की सियासत और अधिक गर्म होने के आसार हैं।




