नारायणपुर में ITBP को बड़ी कामयाबी,कट्टकल–कुमनार के जंगलों से नक्सलियों का डंप बरामद, संचार व मेडिकल सामग्री जब्त

नारायणपुर। जिले के संवेदनशील नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों ने कट्टकल–कुमनार के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक बड़ा डंप बरामद किया है।
सुरक्षा बलों को मौके से नक्सलियों के उपयोग में आने वाले VHF सेट, सैटेलाइट फोन और रेडियो उपकरण बरामद हुए हैं। इसके अलावा सोलर पैनल, विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक सामान, सेफ्टी फ्यूज, तथा अन्य तकनीकी सामग्री भी जब्त की गई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि नक्सली लंबे समय तक क्षेत्र में सक्रिय रहने की तैयारी में थे।
मेडिकल सप्लाई और नक्सली साहित्य भी बरामद
सर्च के दौरान मेडिकल सप्लाई, नक्सली साहित्य और संगठन से जुड़े रिकॉर्ड दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री से नक्सलियों की रणनीति, संचार व्यवस्था और लॉजिस्टिक सपोर्ट से जुड़ी अहम जानकारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है।
क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी:सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से नक्सलियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आने वाले दिनों में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं




