अब तक 12 राज्यों से 135 आवेदन प्राप्त
रायपुर । सिटिज़न साइंस बर्ड सर्वे (नागरिक विज्ञान पक्षी सर्वेक्षण) एक ऐसा कार्यक्रम है, जिसमें आम लोग बिना किसी वैज्ञानिक अनुभव के, पक्षियों को देखकर उनका डेटा इकट्ठा करते हैं, जिससे वैज्ञानिकों को पक्षियों की आबादी, प्रवास और पर्यावरणीय बदलावों (जैसे जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण) के प्रभावों को समझने में मदद मिलती है और यह डेटा पक्षियों के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है।
बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में सिटिज़न साइंस बर्ड सर्वे 2026 का आयोजन 16 से 18 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। इस सर्वे का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध पक्षी-विविधता का वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण करना, नागरिक वैज्ञानिकों की भागीदारी बढ़ाना और दीर्घकालिक संरक्षण कार्यों को मजबूत बनाना है। प्रकृति- रक्षित क्षेत्रों, घासभूमियों और वनों के मिश्रित परिदृश्य से युक्त बारनवापारा अभयारण्य इस प्रकार के अध्ययन के लिए अत्यंत उपयुक्त माना जाता है।




