Home Uncategorized नकली सोने को असली बताकर 10 लाख रूपये ठगने का किया प्रयास,...

नकली सोने को असली बताकर 10 लाख रूपये ठगने का किया प्रयास, पुलिस ने 3 को किया गिरफ्तार

0
132

जशपुरनगर। जशपुर जिले में नकली सोने की बिस्किट दिखाकर 10 लाख रुपये ठगने के प्रयास के आरोप में लोदाम पुलिस ने तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शिकायतकर्ता से विश्वास बनाने के लिए 10 हजार रुपये अग्रिम के रूप में प्राप्त किए थे। सुनार द्वारा जांच किए जाने पर बिस्किट नकली पाया गया। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक 1 दिसंबर को ग्राम साई टांगर्टोली निवासी फिरोज हजाम ने थाना लोदाम में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि नवंबर माह में ग्राम करकली (थाना कुसमी, जिला बलरामपुर) निवासी कलाम खान उनसे मिला और दावा किया कि उसके पास लगभग 450 ग्राम का सोने जैसा दिखने वाला बिस्किट है, जिसे वह बेचने का इच्छुक है। शिकायतकर्ता ने इसे खरीदने की बात मान ली और 27 नवंबर को वीडियो कॉल के माध्यम से बिस्किट दिखाया गया। दोनों पक्षों के बीच 10 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि 1 दिसंबर को कलाम खान अपने दो साथियों—शंकर भगत और बिहारी तिर्की—के साथ ग्राम जामटोली भलमंडा पहुंचा और 10 लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने अग्रिम राशि की शर्त रखी, जिस पर उसने 10 हजार रुपये दे दिए। उसके बाद जब शिकायतकर्ता ने बिस्किट की जांच की बात कही, तो सुनार को बुलाया गया। सुनार ने बिस्किट को नकली बताया। कहा जा रहा है कि आरोपियों ने पैसा लौटाने से इनकार किया और दावा किया कि सोना असली है।

सूचना मिलने पर लोदाम पुलिस की टीम गांव में पहुंची और तीनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम कलाम खान, शंकर लाल भगत, बिहारी तिर्की सभी निवासी ग्राम करकली, थाना कुसमी, जिला बलरामपुर बताया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने नकली सोने की बिस्किट को उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति से प्राप्त करने की बात कही है, जिसकी जांच जारी है। मौके से नकली बिस्किट, मोबाइल फोन और क्रेटा वाहन जब्त किए गए।

थाना लोदाम में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

error: Content is protected !!