बस्तर के सीआरपीएफ जवान के नाम पर बनाई फर्जी कंपनी, खातों में करोड़ों का किया लेनदेन, नोटिस मिलने पर हुआ खुलासा

0
86

बस्तर के सीआरपीएफ जवान के नाम पर बनाई फर्जी कंपनी, खातों में करोड़ों का किया लेनदेन, नोटिस मिलने पर हुआ खुलासा

जगदलपुर। नक्सल प्रभावित इलाके बस्तर से बड़ी चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक सीआरपीएफ जवान के नाम पर फर्जी कंपनी बनाकर करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया है। छिनारी गांव के पटेलपारा निवासी जवान विशेष कुमार कश्यप को करोड़ों के लेनदेन का नोटिस मिला तब इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
जवान के पैरों तले जमीन खिसक गई जब आयकर विभाग की ओर से उसे 10 करोड़ 51 लाख रुपये के लेनदेन का नोटिस मिला। जांच में सामने आया कि अज्ञात लोगों ने उसके पैन कार्ड का दुरुपयोग करते हुए एक फर्जी कंपनी रजिस्टर कराई और उसी के नाम से करोड़ों रुपये का कारोबार दिखाया गया।
नोटिस मिलने के बाद पीड़ित जवान ने बकावंड थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, बस्तर साइबर पुलिस भी इस पूरे मामले की जांच में सक्रिय हो गई है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस फर्जीवाड़े के तार कोलकाता से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस टीम अब लेनदेन और कंपनी रजिस्ट्रेशन से संबंधित दस्तावेजों की जांच में जुटी है। डीएसपी गीतिका साहू (साइबर सेल) ने बताया कि “मामले की तकनीकी जांच की जा रही है। कंपनी रजिस्ट्रेशन और बैंकिंग लेनदेन से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। प्राथमिक रूप से यह साइबर फ्रॉड का गंभीर मामला है।”
बस्तर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने पैन, आधार और बैंक विवरण किसी भी अज्ञात व्यक्ति या संस्था को साझा न करें।