Home Astrology हरदीबाजार में उबाल — ग्रामवासियों ने 10 अक्टूबर की त्रिपक्षीय वार्ता को...

हरदीबाजार में उबाल — ग्रामवासियों ने 10 अक्टूबर की त्रिपक्षीय वार्ता को निरस्तकरने सौंपे ज्ञापन, “जब तक वादे पूरे नहीं, तब तक बातचीत नहीं!”

0
268

हरदीबाजार में उबाल — ग्रामवासियों ने 10 अक्टूबर की त्रिपक्षीय वार्ता को निरस्तकरने सौंपे ज्ञापन, “जब तक वादे पूरे नहीं, तब तक बातचीत नहीं!”

एसईसीएल दीपका प्रबंधन की लापरवाह और हठधर्मी नीति के खिलाफ हरदीबाजार फिर सुलग उठा है। ग्रामवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक प्रबंधन द्वारा पूर्व में दिए गए गांव हितों के वादे पूरे नहीं किए जाते, तब तक किसी भी त्रिपक्षीय वार्ता में शामिल नहीं होंगे। बुधवार को ग्राम सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तहसीलदार हरदीबाजार विष्णु प्रसाद पैंकरा को हस्ताक्षरित पत्र सौंपते हुए 10 अक्टूबर को प्रस्तावित बैठक को निरस्त करने की आधिकारिक सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, एसडीएम पाली की ओर से ग्राम पंचायत हरदीबाजार को पत्र भेजा गया था, जिसमें बताया गया था कि अपर कलेक्टर कोरबा की अध्यक्षता में त्रिपक्षीय वार्ता का आयोजन तहसील कार्यालय हरदीबाजार में दोपहर 12 बजे किया जाएगा। लेकिन ग्रामवासियों ने एकजुट होकर इस बैठक का बहिष्कार कर दिया। उनका कहना है कि एसईसीएल दीपका प्रबंधन केवल मीठे वादे करता है, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक एक भी मांग पूरी नहीं हुई।

ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि – “जब तक गांव के हितों की पूर्ति, पुनर्वास, रोजगार और मुआवजा से संबंधित मांगों को एसईसीएल प्रबंधन स्वीकार कर लागू नहीं करता, तब तक किसी भी सर्वे या बैठक की कोई वैधता नहीं होगी।”

लोगों का आरोप है कि प्रबंधन जबरदस्ती मकानों का नापी सर्वे कराना चाहता है और जिला प्रशासन को आगे रखकर ग्रामवासियों के हक को कुचलने की कोशिश कर रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर बलपूर्वक कार्रवाई की गई तो वे सड़क से लेकर शासन तक संघर्ष करेंगे।

ग्राम सरपंच और ग्रामीणों ने कहा – “हम विकास के खिलाफ नहीं, अन्याय के खिलाफ हैं। जब तक एसईसीएल दीपका अपने वादों पर अमल नहीं करता, हरदीबाजार के लोग एकजुट होकर मैदान में डटे रहेंगे।”

अब पूरा क्षेत्र इसी सवाल पर टिका है — क्या एसईसीएल दीपका प्रबंधन अपनी जिम्मेदारी निभाएगा, या फिर हरदीबाजार की आवाज एक बार फिर आंदोलन में तब्दील होगी?

error: Content is protected !!