NHM कर्मियों की मांगों के समर्थन में आगे आए बृजमोहन
रायपुर। दुर्ग के सांसद विजय बघेल के बाद रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन में आगे आए हैं। उन्होंने हड़ताली कर्मचारियों का भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों का हर स्तर पर समर्थन किया जाएगा।
अग्रवाल से पहले दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भी हड़ताली कर्मचारियों की मांगों पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को पत्र लिखा था। उनकी मांगों को पूरा करने का आग्रह किया था। इसके बाद सोमवार को हड़ताली कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अग्रवाल से मिले। लगभग दो सप्ताह से आंदोलनरत एनएचएम कर्मचारियों का नेतृत्व छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी ने किया।
बृजमोहन अग्रवाल ने कर्मचारियों की मांगों को पूरी गंभीरता से सुना और उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि एनएचएम के कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। ग्रामीण और शहरी इलाकों में 24 घंटे आम जनता की सेवा करने वाले इन कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
अग्रवाल ने कहा कि वे जल्द ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से भेंट कर एनएचएम कर्मचारियों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए चर्चा करेंगे। एनएचएम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल के सकारात्मक रुख और समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया हैं।




