acn18.com छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से गर्मी और उमस से राहत मिली है। राजधानी रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर सहित कई इलाकों में सुबह से ही बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आगामी 5 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात के साथ भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणालियों के चलते प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है। मानसून द्रोणिका वर्तमान में सूरतगढ़ से होकर दीघा और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। गंगेटिक पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के ऊपर चक्रीय चक्रवात सक्रिय है, जो 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। 25 अगस्त को उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे बारिश और तेज हो सकती है।




