शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 150 करोड़ रूपये बटोरे, मामला दर्ज होने के बाद ठगों की गिरफ्तारी जारी

0
86

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 150 करोड़ रूपये बटोरे, मामला दर्ज होने के बाद ठगों की गिरफ्तारी जारीIMG 20250716 WA0037

बलौदा बाजार। शेयर मार्केट (Share Market) में निवेश कर रकम दोगुना करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी राजा नटवरलाल उर्फ दिवाकर अवसरिया (41) को बलौदा बाजार पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है, जो रायपुर में महादेव नगर के न्यू चांगोरभाठा का रहने वाला है. आरोपी दुर्ग के पोटिया में किराये के मकान में फरारी काट रहा था, जहां से पुलिस ने दबिश देकर उसके गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा कि इस गिरोह ने लोगों को झांसे में लेकर लगभग 150 करोड़ रुपयों की ठगी की है।

पुलिस ने दिवाकर अवसरिया के बाद उसकी पत्नी श्वेता अवसरिया को भी गिरफ्तार किया है। श्वेता पर आरोप है कि उसने लोगों को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर दोगुना मुनाफा देने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की।

आरोपी दंपत्ति ने पहले से गिरफ्तार जालसाज शासकीय शिक्षक रामनारायण साहू और अन्य के साथ मिलकर राजधानी रायपुर सहित राज्य के कई इलाकों के लोगों को शेयर ट्रेडिंग के लिए फंसाया। उन्हें दो साल दोगुनी रकम वापस करने का झांसा दिया और उनसे करोड़ों रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने कसडोल, लवन, गिधौरी, शिवरीनारायण, महासमुंद और रायगढ़ के लोगों को ज्यादा निशाना बनाया है।

दरअसल बलौदा बाजार जिले में शिक्षक रामनारायण साहू ने सबसे पहले अपने स्टूडेंट रूपेश कुमार ठाकुर (22) को शिकार बनाया। उसे शेयर मार्केट में निवेश कर पैसा दोगुना का लालच दिया। फिर गांव में हल्ला होने के बाद सभी फंसते चले गए और उसे पैसे दे डाले। बाद में वह सभी के पैसे लेकर गांव से फरार हो गया। स्टूडेंट की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। बाद में एक के बाद एक पीड़ित थाने पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी श्वेता अवसरिया के कब्जे से 4 मोबाइल, 5 विभिन्न बैंकों के पासबुक, चेक, एटीएम, पैसा लेनदेन का रजिस्टर, जमीन खरीदी-बिक्री संबंधी दस्तावेज, अन्य कागजात, सोने-चांदी के जेवर और नगद 9,71,000 रुपये जब्त किए हैं. आरोपी गिरोह ने सोनाखान, चंदखुरी, सांकरा, शिवरीनारायण आदि में कई एकड़ जमीन भी खरीदी है। अब तक पुलिस ने मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि इस मामले में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता विशेष अनुसंधान टीम बनाकर पीड़ितों से आवेदन लेकर जांच कर रही हैं। साथ ही मामले से जुड़े सभी आरोपियों की पता तलाश करके गिरफ्तार कर रही है। इधर लगातार कार्रवाई करने के साथ ही पुलिस ने आरोपियों की संपत्तियों को जब्त/कुर्क करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, साइबर सेल बैंक खातों की तकनीकी जांच भी कर रही है।

बता दें कि सैकड़ों निवेशकों से करोड़ों रुपये के निवेश करने के मामले में अब तक थाना कसडोल में 4 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं. वहीं, पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के साथ शेयर ट्रेडिंग में निवेश कराने के नाम पर ठगी की गई है तो वे तत्काल थाना कसडोल या अपने नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें, ताकि ठगी की शिकार राशि को बचाया जा सके और अन्य पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके।