ACN18.COM महाकुंभ का आज 42वां दिन है। मेला खत्म होने में 3 दिन और बचे हैं। आखिरी वीकेंड पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। आधी रात से संगम की ओर जाने वाले रास्ते श्रद्धालुओं से फुल हैं। सुबह 8 बजे तक 31.70 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया। 13 जनवरी से अब तक 61.44 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं।
एयरपोर्ट पर चाय-कॉफी के लिए लाइन लग गई। एयरपोर्ट के अंदर ज्यादा भीड़ होने की वजह से यात्रियों को बाहर पार्किंग की तरफ रोका गया। फ्लाइट आने के 3 घंटे पहले अंदर एंट्री दी जा रही है।
यूपी सरकार ने कहा- इस समय दुनिया में 120 करोड़ सनातनी हैं। इनमें से 50% लोग संगम में स्नान कर चुके हैं। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर यह संख्या 65 करोड़ पार कर जाएगी। मेला क्षेत्र के बाहरी हिस्सों में भीषण जाम लगा है।
भीड़ के चलते ज्यादा से ज्यादा स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए रेलवे ने 67 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। कम दूरी की ज्यादा ट्रेनें चलाई जा रही हैं। 22 फरवरी से 1 मार्च के बीच इन ट्रेनों को निरस्त किया गया है। प्रयागराज के सभी 7 एंट्री पॉइंट्स पर बाहर से आने वाली गाड़ियों को रोक दिया गया है। DGP प्रशांत कुमार ने बताया- सभी 7 एंट्री पॉइंट्स पर ट्रैफिक संभालने के लिए 1-1 IG तैनात किए गए हैं।
शहर से बाहर बनी पार्किंग में गाड़ी पार्क करनी पड़ रही है। यहां से संगम की दूरी 10 से 12 किमी है। एंट्री पॉइंट्स पर रोके गए श्रद्धालुओं को कम से कम 10-12 किमी तक पैदल चलना पड़ रहा है। हालांकि, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल बसें, ई-रिक्शा, ऑटो और ठेले चल रहे हैं। हजारों की संख्या में बाइक वाले भी सवारियां ले जा रहे हैं, लेकिन मनमाना किराया वसूल रहे हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ आज भी प्रयागराज में रहेंगे। दोपहर 1.45 बजे महाकुंभ पहुंचेंगे। गाडगे महाराज की 149वीं जयंती समारोह में शामिल होंगे। आज महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे महाकुंभ आएंगे।